नई बिल्डिंग में लोकार्पण से पहले ही रिपेयरिंग, छत से पानी का रिसाव, दीवारों में दरारें; न CCTV कैमरे लगे, न खेल मैदान तैयार, सीवेज लाइन भी बदहाल

 

निर्माण एजेंसी MPBDC और ठेकेदार VVC इंफ्रा की कार्यप्रणाली पर सवाल, अधूरे निर्माण के बीच केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे लोकार्पण

 

 

मुकेश मेहता | रेहटी।

 

 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट में शामिल शासकीय सांदीपनि विद्यालय रेहटी का निर्माण आखिरकार सवालों के घेरे में है। करीब 38 करोड़ 15 लाख रुपए की भारी-भरकम लागत से तैयार किए जा रहे इस भवन का लोकार्पण 22 नवंबर को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के हाथों प्रस्तावित है। लेकिन हैरानी की बात यह है कि जिस भवन का लोकार्पण भव्य आयोजन के साथ किया जा रहा है, वहां निर्माण के कई जरूरी काम अब भी अधूरे पड़े हैं। नई बिल्डिंग में लोकार्पण से पहले ही मरम्मत की नौबत आ गई है। बारिश में छतों से पानी टपकने के बाद अब छत की दोबारा रिपेयरिंग कराई जा रही है। दीवारों में दरारें हैं, सीवेज लाइन दुरुस्त नहीं है और बच्चों की बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई काम पूरे नहीं हुए हैं।

 

ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर निर्माण एजेंसी और ठेकेदार को अधूरे काम पूरे करने की मोहलत दिए बिना लोकार्पण की इतनी जल्दबाजी क्यों की जा रही है? क्या जिम्मेदार अधिकारियों ने भवन की गुणवत्ता और शेष निर्माण कार्यों का भौतिक सत्यापन किया है? या फिर भव्य आयोजन की तैयारियों के बीच निर्माण की खामियों को नजरअंदाज किया जा रहा है?

 

कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक रमाकांत भार्गव अध्यक्षता करेंगे। एक ओर लोकार्पण की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं, वहीं दूसरी ओर स्कूल परिसर में निर्माण की अधूरी तस्वीर जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

 

34 करोड़ से बढ़कर 38.15 करोड़ पहुंची लागत, फिर भी निर्माण अधूरा

 

शासकीय सांदीपनि विद्यालय रेहटी के निर्माण की शुरुआती लागत करीब 34 करोड़ 10 लाख रुपए बताई गई थी, जो बढ़कर अब 38 करोड़ 15 लाख रुपए तक पहुंच गई है। इतनी बड़ी राशि खर्च होने के बावजूद भवन और परिसर के कई महत्वपूर्ण कार्य अधूरे हैं। निर्माण कार्य वीवीसी इंफ्रा कंपनी द्वारा किया गया है, जबकि निर्माण एजेंसी मध्यप्रदेश बिल्डिंग डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एमपीबीडीसी) लिमिटेड है।

 

निर्माण एजेंसी और ठेकेदार को बार-बार ध्यान दिलाए जाने के बावजूद काम पूरा नहीं होना उनकी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। सबसे गंभीर स्थिति यह है कि नई बिल्डिंग की छतों से बारिश के दौरान पानी का रिसाव हुआ और अब लोकार्पण से पहले ही मरम्मत कराई जा रही है। यदि निर्माण के शुरुआती दौर में ही छतों की रिपेयरिंग की जरूरत पड़ रही है, तो भवन की निर्माण गुणवत्ता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

 

कहीं कैमरे नहीं, कहीं मैदान नहीं, बच्चों की सुविधाएं भी अधूरी

 

स्कूल परिसर में अब भी कई महत्वपूर्ण काम पूरे नहीं हुए हैं। स्थिति यह है कि विद्यार्थियों को जिन सुविधाओं के साथ आधुनिक स्कूल में पढ़ाई करनी चाहिए, वे सुविधाएं ही अभी पूरी तरह उपलब्ध नहीं हैं।

 

ये काम अब भी अधूरे हैं या सामने आ रही हैं खामियां—

 

1\. CCTV कैमरे गायब: स्कूल में अब तक सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए गए हैं। विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिहाज से यह महत्वपूर्ण व्यवस्था है।

 

2\. खेल मैदान तैयार नहीं: खेल मैदान विकसित करने के बजाय ठेकेदार ने कोपरा डालकर ही जिम्मेदारी पूरी कर दी। बच्चों के खेलने के लिए मैदान अब तक तैयार नहीं है।

 

3\. दीवारों में दरारें: नई बिल्डिंग में कई स्थानों पर क्रेक दिखाई दे रहे हैं, जिनकी मरम्मत भी पूरी नहीं हुई है।

 

4\. छत से पानी का रिसाव: बारिश के दौरान छतों से पानी टपकने की शिकायत सामने आई थी। अब लोकार्पण से पहले छत की दोबारा रिपेयरिंग की जा रही है।

 

5\. बिजली और नल की फिटिंग में खामी: बिजली फिटिंग और नल की गुणवत्ता पर सवाल हैं। घटिया क्वालिटी के नल टूटने के बाद उन्हें भी दुरुस्त नहीं किया गया है।

 

6\. पार्किंग व्यवस्था नदारद: पार्किंग स्थल तैयार नहीं होने से बच्चों को स्कूल की छत के नीचे ही अपने वाहन खड़े करने पड़ रहे हैं।

 

7\. सीवेज लाइन बदहाल: सीवेज लाइन दुरुस्त नहीं होने के कारण गंदा पानी परिसर के बाहर निकल रहा है।

 

8\. डोम और शेड का निर्माण अधूरा: परिसर में डोम के साथ शेड का निर्माण होना है, लेकिन यह काम अब तक शुरू नहीं हुआ है।

 

9\. मध्यान्ह भोजन के लिए शेड नहीं: मध्यान्ह भोजन स्थल और स्कूल भवन के बीच विद्यार्थियों के आने-जाने के लिए प्रस्तावित शेड भी अब तक नहीं बनाया गया है।

 

10\. पुरानी बिल्डिंग भी जस की तस: पुरानी बिल्डिंग को तोड़कर मैदान तैयार किया जाना था, लेकिन उसे अब तक नहीं तोड़ा गया। बाद में उसे रिपेयर करने पर सहमति बनी थी, जिसमें खिड़की-दरवाजे सहित अन्य सुधार किए जाने थे, लेकिन यह काम भी अधूरा है।

 

11\. पुताई का काम अधूरा: नई बिल्डिंग में पुताई पूरी नहीं हुई है, जबकि पुरानी बिल्डिंग में की गई पुताई भी धुलकर खराब हो चुकी है।

 

लोकार्पण के बाद जवाबदेही किसकी होगी?

 

सबसे बड़ा सवाल निर्माण एजेंसी एमपीबीडीसी और ठेकेदार वीवीसी इंफ्रा कंपनी की जवाबदेही को लेकर है। करोड़ों रुपए की लागत से बने शासकीय भवन में यदि लोकार्पण से पहले ही छतों की मरम्मत, दीवारों के क्रेक और अन्य खामियों को सुधारने की जरूरत पड़ रही है, तो निर्माण के दौरान गुणवत्ता की निगरानी करने वाले अधिकारियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।

 

आखिर किस आधार पर भवन को लोकार्पण के लिए तैयार माना गया? क्या सभी निर्माण कार्यों का भुगतान हो चुका है? यदि हां, तो अधूरे कार्यों के बावजूद भुगतान किस आधार पर किया गया? और यदि काम अभी बाकी है, तो ठेकेदार के खिलाफ अब तक सख्त कार्रवाई क्यों नहीं हुई?

 

सांदीपनि स्कूल शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं देने की परिकल्पना के साथ बनाए जा रहे हैं। लेकिन रेहटी में करोड़ों की लागत वाले इस भवन की स्थिति यह सवाल खड़ा कर रही है कि क्या भव्य लोकार्पण ही निर्माण की पूर्णता का प्रमाण मान लिया गया है?

Mukesh Mehta
Mukesh Mehta

सीहोर और आसपास के क्षेत्रों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने वाला डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है। हमारा उद्देश्य स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, सामाजिक गतिविधियों और क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं को निष्पक्ष, जिम्मेदार और सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।

हम राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, खेल, धर्म, सामाजिक गतिविधियों और स्थानीय घटनाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों की खबरें प्रकाशित करते हैं।

हमारा प्रयास है—आप तक सही खबर, सही समय पर पहुंचाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *