2029 तक प्रदेश से नशे की समस्या खत्म करने का लक्ष्य, 48 नए उप पुलिस अधीक्षकों ने लिया कर्तव्यनिष्ठा का संकल्प

 

भोपाल। सोशल मीडिया के दौर में पुलिस अधिकारियों को रील बनाने से ज्यादा जनता की वास्तविक समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना होगा। कमजोर वर्ग के लिए देवदूत बनें और ऐसे अधिकारी बनें, जिनका सम्मान समाज के हर वर्ग में समान रूप से हो। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को भोपाल के भौंरी स्थित मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी में आयोजित 44वें-45वें बैच के उप पुलिस अधीक्षकों (डीएसपी) के दीक्षांत समारोह में कही।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश पुलिस के सामने अब नशे की समस्या सबसे बड़ी चुनौती है। डाकुओं और नक्सलवाद के खात्मे के बाद अब वर्ष 2029 तक ड्रग्स की समस्या को समाप्त करने के लिए निर्णायक भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस का काम केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि समाज की समस्याओं का समाधान करना भी है।

 

48 नए पुलिस अधिकारी प्रदेश की सुरक्षा का संभालेंगे जिम्मा

 

मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी के परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने परेड की सलामी ली और निरीक्षण किया। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु अधिकारियों को शील्ड और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को आज 48 नए जनसेवक मिल रहे हैं, जो साढ़े आठ करोड़ जनता की सुरक्षा का दायित्व संभालेंगे। इनमें 20 महिला अधिकारी भी शामिल हैं। इन अधिकारियों का प्रशिक्षण पूरा होना प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने सभी नव प्रशिक्षित अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

डाकुओं और नक्सलवाद के बाद अब ड्रग्स पर निर्णायक प्रहार

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस का इतिहास चुनौतियों से संघर्ष और सफलता का रहा है। आजादी के बाद प्रदेश के चंबल और रीवा अंचल में डाकुओं का प्रभाव रहा, लेकिन पुलिस ने साहस और दक्षता से इस समस्या का उन्मूलन किया।

 

उन्होंने कहा कि एक समय प्रदेश से नक्सलवाद खत्म होने की कल्पना करना भी कठिन था। नक्सलियों के कारण आदिवासी क्षेत्रों में विकास प्रभावित हो रहा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प के अनुरूप मध्यप्रदेश ने निर्धारित समय से पहले नक्सलवाद का खात्मा कर अपनी क्षमता साबित की है।

 

अब पुलिस के सामने नशे के खिलाफ अभियान को निर्णायक बनाने की चुनौती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2029 तक ड्रग्स की समस्या को समाप्त करने के लक्ष्य के साथ पुलिस अधिकारियों को पूरी गंभीरता से काम करना होगा।

 

सोशल मीडिया पर सक्रिय रहें, लेकिन जनता के मुद्दे न भूलें

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नए पुलिस अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय सोशल मीडिया का है, लेकिन पुलिस के लिए सोशल मीडिया से ज्यादा महत्वपूर्ण सामाजिक समस्याएं हैं।

 

उन्होंने कहा कि अधिकारी सोशल मीडिया पर सक्रिय रहें, लेकिन उनका मुख्य ध्यान जनता की समस्याओं और उनके समाधान पर होना चाहिए। समस्याओं को केवल देखने के बजाय उनके निराकरण के लिए ठोस कदम उठाएं। अधिकारी ऐसा कार्य करें कि समाज के सभी वर्गों में उनके प्रति विश्वास और सम्मान बना रहे।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में कर्तव्य का मार्ग सबसे महत्वपूर्ण है। परमात्मा ने जीवन एक बार दिया है और मृत्यु सभी को आनी है। हमारा जीवन ऐसा होना चाहिए कि मृत्यु भी उसे गौरवान्वित करे।

 

पुलिस अकादमी में 12 करोड़ के विकास कार्यों की घोषणा

 

मुख्यमंत्री ने पुलिस प्रशिक्षण अकादमी में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए करीब 12 करोड़ रुपए की लागत से विकास कार्य कराने की घोषणा की। इसमें ऑडिटोरियम का निर्माण, विद्युत सब स्टेशन की स्थापना और एक किलोमीटर लंबे एप्रोच रोड का निर्माण शामिल है।

 

उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के कल्याण की चिंता करना सरकार का दायित्व है। राज्य सरकार ने पिछले तीन वर्षों में 17 हजार 710 पदों पर भर्ती की है। कुल 22 हजार 500 पदों पर भर्ती का लक्ष्य रखा गया है। पुलिस विभाग में पदोन्नति से भी अधिकारियों और कर्मचारियों को लाभान्वित किया गया है।

 

नक्सल विरोधी अभियान में 63 पुलिसकर्मियों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन

 

नक्सल विरोधी अभियान में साहस और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 63 पुलिसकर्मियों को मुख्यमंत्री ने आउट ऑफ टर्न प्रमोशन प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश पुलिस के जवानों ने कठिन परिस्थितियों में नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई लड़कर साहस का परिचय दिया है। सरकार उनके योगदान और बलिदान को सदैव याद रखेगी।

 

उन्होंने पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना से कहा कि प्रदेश में अवैध शराब और शराब माफियाओं के खिलाफ भी निडर होकर कठोर कार्रवाई की जाए। कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के बल पर सरकार अपने उद्देश्यों को पूरा करेगी।

 

साइबर अपराध और नशे का बढ़ता चलन बड़ी चुनौती : डीजीपी

 

पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने कहा कि यूनिफॉर्म सर्विस में पासिंग आउट परेड हर अधिकारी के जीवन की यादगार उपलब्धि होती है। वर्ष 2014 से डीएसपी स्तर के अधिकारियों का प्रशिक्षण भौंरी स्थित पुलिस अकादमी में कराया जा रहा है।

 

उन्होंने बताया कि इस बैच में पहली बार रेडियो संवर्ग के डीएसपी स्तर के अधिकारियों को भी प्रशिक्षण दिया गया है। ये अधिकारी पुलिस की तकनीकी क्षमता और साइबर अपराधों से लड़ने की व्यवस्था को मजबूत करेंगे। प्रशिक्षित अधिकारियों में 22 इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि से हैं।

 

डीजीपी ने कहा कि प्रदेश में युवा पीढ़ी के बीच नशे का बढ़ता चलन गंभीर चुनौती है। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा ‘नशे से दूरी है जरूरी’ अभियान के तहत कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही साइबर अपराधों से निपटने के लिए ‘सेफ क्लिक’ अभियान चलाया जा रहा है।

 

उन्होंने साइबर थानों, साइबर हेल्प डेस्क, साइबर फॉरेंसिक और साइबर हेल्पलाइन जैसी व्यवस्थाओं को मजबूत करने की आवश्यकता बताई। डीजीपी ने फील्ड में तैनात पुलिस अधिकारियों को जारी एसओपी का पालन करने और ड्यूटी के साथ अपनी सुरक्षा का ध्यान रखने की भी अपील की।

 

समारोह में मुख्यमंत्री ने नव प्रशिक्षित अधिकारियों को कर्तव्यनिष्ठा, जनसेवा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने का संदेश दिया।

Mukesh Mehta
Mukesh Mehta

सीहोर और आसपास के क्षेत्रों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने वाला डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है। हमारा उद्देश्य स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, सामाजिक गतिविधियों और क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं को निष्पक्ष, जिम्मेदार और सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।

हम राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, खेल, धर्म, सामाजिक गतिविधियों और स्थानीय घटनाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों की खबरें प्रकाशित करते हैं।

हमारा प्रयास है—आप तक सही खबर, सही समय पर पहुंचाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *