भूमि स्वामियों को भू–अधिकार अभिलेख पत्र वितरित करने जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित

गांधी जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के तहत भू-अधिकार अभिलेख पत्र वितरण के लिए जिला मुख्यालय सहित पूरे जिलेभर में कार्यक्रम आयोजित कर भू-स्वामियों को भू-अधिकार अभिलेख पत्र वितरित किए गए। जिला मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री डॉक्टर प्रभुराम चौधरी ने सीहोर तहसील के अनेक भू-स्वामियों को भू-अधिकार अभिलेख पत्र प्रदान किए। इसके अलावा उन्होंने अन्य योजनाओं के हितग्राहियों को भी हितलाभ वितरित किए। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के तहत उन लोगों को अपनी जमीन का मालिकाना हक दिया जा रहा है, जिनकी जमीन किसी भी सरकारी अभिलेख में दर्ज नहीं थी। उन्होंने कहा कि लोग कई पीढ़ियों से जिस घर में निवास करते चले आ रहे है, उसका भी उनके पास स्वामित्व का कोई दस्तावेज नहीं था। प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना से आज वे अपने मकान के अपनी भूमि के मालिक बने हैं। इसके लिए ड्रोन से आबादी क्षेत्र का सर्वे कर शासकीय अभिलेखों में दर्ज लोगों को पट्टे प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वामित्व योजना के तहत मिले इस अधिकार पत्र का अनेक स्थानों पर उपयोग किया जा सकता है। इस अधिकार पत्र के जरिए बैंक से लोन भी लिया जा सकता है। प्रभारी मंत्री डॉ. चौधरी ने लोगों के कल्याण और प्रदेश के विकास के लिए प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही अनेक योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश तेजी से विकास कर रहा है। विकास के साथ-साथ सामाजिक सरोकार से जुड़े अन्य गतिविधियों को भी संचालित किया जा रहा है। उन्होंने स्वच्छता सर्वे में देश में टॉप-100 में सीहोर जिले के तीन नगरों को स्थान मिलने पर सभी नागरिकों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि सीहोर ने स्वच्छता में अपनी एक अलग पहचान बनाई है और अब सीहोर नगर देश के टॉप-100 में 68 वीं रैंक पर है। इसके साथ ही बुधनी और शाहगंज की भी एक अलग पहचान बनी है। इस अवसर पर सीहोर विधायक श्री सुदेश राय ने भी संबोधित किया। उन्होंने जनकल्याणकारी अनेक योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश-प्रदेश का चहुंमुखी विकास हो रहा है। कार्यक्रम के आरंभ में संयुक्त कलेक्टर सतीश राय ने भू-अधिकार अभिलेख पत्र वितरण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, राजकुमार गुप्ता, युवा मोर्चा अध्यक्ष भूपेन्द्र पाटीदार, कलेक्टर श्री चंद्र मोहन ठाकुर, एसडीएम अमन मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

जिले के एक लाख 24 हजार परिवारों को भू-अधिकार अभिलेख पत्र वितरितजिले में अभी तक एक लाख 24 हज़ार परिवारों को भू-अधिकार अभिलेख पत्र प्रदान किए गए हैं। पूरे जिले में मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान से स्वामित्व योजना के तहत लोगो को भू-अधिकार अभिलेख पत्र वितरण करने कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिसमें आज आयोजित कार्यक्रम में पूरे जिले में 35000 परिवारों को भू-अधिकार अभिलेखों का वितरण किया गया है।

Mukesh Mehta
Mukesh Mehta

सीहोर और आसपास के क्षेत्रों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने वाला डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है। हमारा उद्देश्य स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, सामाजिक गतिविधियों और क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं को निष्पक्ष, जिम्मेदार और सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।

हम राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, खेल, धर्म, सामाजिक गतिविधियों और स्थानीय घटनाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों की खबरें प्रकाशित करते हैं।

हमारा प्रयास है—आप तक सही खबर, सही समय पर पहुंचाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *