1984 में 300 रुपए मासिक वेतन से शुरू हुआ था सफर, पहले वेतन के रूप में मिले थे मात्र 120 रुपए; विदाई पर विद्यालय परिसर में मां सरस्वती की प्रतिमा की स्थापना कर छोड़ी अमिट स्मृति

मुकेश मेहता

 

सीहोर /रेहटी /सतराना।/

 

शिक्षक की नौकरी महज एक पद नहीं, बल्कि पीढ़ियों को गढ़ने और समाज को दिशा देने का दायित्व है। इसी दायित्व को 42 वर्षों तक पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने वाले शिक्षक अखिलेश गुप्ता 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त हो गए। खास बात यह रही कि वर्ष 1984 में जिस शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सतराना में उन्होंने उप-शिक्षक के रूप में अपनी सेवाओं की शुरुआत की थी, उसी विद्यालय में 42 वर्षों का लंबा सफर पूरा कर उन्होंने अपने शिक्षकीय जीवन को विराम दिया।

 

इस अवसर पर विद्यालय परिसर में भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, पूर्व विद्यार्थियों, परिचितों और गुप्ता जी के शुभचिंतकों ने पहुंचकर उन्हें सम्मान और आत्मीयता के साथ विदाई दी। इस दौरान माहौल भावुक हो गया। जिन विद्यार्थियों को उन्होंने कभी कक्षा में पढ़ाया, अनुशासन का पाठ पढ़ाया और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी, उनमें से कई विद्यार्थी भी अपने गुरु को सम्मान देने पहुंचे। सभी ने उनके साथ बिताए पलों को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की।

 

300 रुपए वेतन से शुरू हुआ था सफर, पहला वेतन मिला था 120 रुपए

 

अपने 42 वर्षों के सेवाकाल को याद करते हुए अखिलेश गुप्ता ने बताया कि वर्ष 1984 में उनकी पदस्थापना सतराना में उप-शिक्षक के रूप में हुई थी। उस समय मासिक वेतन मात्र 300 रुपए था, जबकि पहला वेतन उन्हें 120 रुपए मिला था। भुगतान भी टिकट लगाकर नगद किया जाता था। उस दौर में रेहटी से सतराना तक बस का किराया महज 75 पैसे था। बसें भी गिनती की चलती थीं, ऐसे में समय पर विद्यालय पहुंचना अपने आप में चुनौती हुआ करता था।

 

उन्होंने बताया कि उस समय विद्यालय तक पहुंचने वाले रास्ते कीचड़ से भरे रहते थे। वर्ष 1984 में ही विद्यालय में कक्षा छठवीं की शुरुआत हुई थी। उस समय शिक्षा के संसाधन सीमित थे, लेकिन शिक्षकों में पढ़ाने का जुनून और विद्यार्थियों में सीखने की ललक थी।

 

अनुशासन, समर्पण और बच्चों से आत्मीयता का दौर

 

गुप्ता जी बताते हैं कि उस दौर में बच्चों की नियमित उपस्थिति और पढ़ाई को लेकर शिक्षक विशेष गंभीर रहते थे। गुरु और अभिभावकों के बीच विश्वास का रिश्ता मजबूत था। बच्चों को अनुशासन में रखना और उन्हें बेहतर शिक्षा देना शिक्षक अपनी जिम्मेदारी समझते थे।

 

विद्यालय का जीवन केवल कक्षा और पढ़ाई तक सीमित नहीं था। शाम के समय बच्चों के साथ खेलना, कभी नदी में स्नान करना तो कभी नदी किनारे दाल-बाटी की पार्टी करना उस समय की यादगार गतिविधियों में शामिल था। समय के साथ गांव बदला, विद्यालय का स्वरूप बदला, विद्यार्थी बदले और शिक्षा व्यवस्था में भी बदलाव आया, लेकिन सतराना की शाला और यहां के बच्चों के प्रति उनका लगाव कभी कम नहीं हुआ।

 

सतराना की धरती से जुड़ीं कई स्थायी स्मृतियां

 

42 वर्षों की इस यात्रा में अखिलेश गुप्ता ने केवल शिक्षा ही नहीं दी, बल्कि विद्यालय और गांव से अपने आत्मीय रिश्ते को भी मजबूत किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में सतराना में गणेश परिवार मंदिर, शीतला माता, नारियां बाबा और शिवलिंग की स्थापना का सौभाग्य मिला था। वहीं, अपने शिक्षकीय जीवन के अंतिम पड़ाव पर 31 अक्टूबर 2026 को विद्यालय परिसर में मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापित कर उन्होंने अपनी ओर से विद्यालय को एक अनमोल स्मृति भेंट की।

 

उनके लिए यह प्रतिमा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि उस विद्यालय के प्रति कृतज्ञता और 42 वर्षों के आत्मीय जुड़ाव की निशानी है, जहां उन्होंने अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा विद्यार्थियों का भविष्य संवारने में समर्पित किया।

 

पद से विदाई, लेकिन सतराना से रिश्ता हमेशा रहेगा

 

सेवानिवृत्ति के अवसर पर अखिलेश गुप्ता ने अपने भाव व्यक्त करते हुए कहा कि 42 वर्षों का यह सफर उनके जीवन की सबसे अनमोल पूंजी है। सतराना ने उन्हें केवल कार्यस्थल ही नहीं दिया, बल्कि अनगिनत यादें, अपनापन और जीवनभर के रिश्ते भी दिए हैं।

 

उनकी इस यात्रा का सबसे भावुक संदेश भी यही रहा कि आज पद से विदा हो रहा हूं, पर सतराना से नहीं। यहां बिताए 42 वर्ष मेरी स्मृतियों में हमेशा जीवित रहेंगे।

 

एक ही विद्यालय में चार दशक से अधिक समय तक सेवाएं देना अपने आप में मिसाल है। अखिलेश गुप्ता की सेवानिवृत्ति के साथ विद्यालय से उनका औपचारिक नाता भले ही समाप्त हुआ हो, लेकिन उनके पढ़ाए विद्यार्थियों और सतराना के लोगों के दिलों में उनकी शिक्षकीय यात्रा की स्मृतियां हमेशा जीवित रहेंगी।

Mukesh Mehta
Mukesh Mehta

सीहोर और आसपास के क्षेत्रों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने वाला डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है। हमारा उद्देश्य स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, सामाजिक गतिविधियों और क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं को निष्पक्ष, जिम्मेदार और सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।

हम राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, खेल, धर्म, सामाजिक गतिविधियों और स्थानीय घटनाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों की खबरें प्रकाशित करते हैं।

हमारा प्रयास है—आप तक सही खबर, सही समय पर पहुंचाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *