रेहटी/सलकनपुर
मुकेश मेहता

रेहटी थाना क्षेत्र अंतर्गत भोपाल-देहलावाड़ी मार्ग पर शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार पति-पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सेमरी स्थित गौशाला के पास हुआ, जहां एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी और फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान आशुतोष दीक्षित (29) पिता गोपाल दीक्षित एवं उनकी पत्नी ज्योति ठाकुर दीक्षित (28) निवासी चाचौड़ा, जिला गुना के रूप में हुई है, जो वर्तमान में भोपाल में निवासरत थे। नव दंपति शुक्रवार सुबह स्कूटी (क्रमांक एमपी 04 यूएल 1280) से सलकनपुर स्थित माता विजयासन देवी के दर्शन के लिए गए थे और दोपहर करीब 1 बजे भोपाल लौट रहे थे।

बताया गया है कि हादसे के समय स्कूटी ज्योति चला रही थीं। जैसे ही वे सेमरी गौशाला के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही रेहटी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों को भी हादसे की जानकारी दे दी गई है।

बुधनी एसडीओपी रवि शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के ढाबों व चेकपोस्ट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है।

क्षेत्र में शोक की लहर
दोपहर में हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई थी, जिसे पुलिस ने वाहन हटवाकर सामान्य किया। अचानक हुई इस घटना से मृतकों के परिजनों व क्षेत्र में शोक व्याप्त है।

Mukesh Mehta
Mukesh Mehta

सीहोर और आसपास के क्षेत्रों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने वाला डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है। हमारा उद्देश्य स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, सामाजिक गतिविधियों और क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं को निष्पक्ष, जिम्मेदार और सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।

हम राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, खेल, धर्म, सामाजिक गतिविधियों और स्थानीय घटनाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों की खबरें प्रकाशित करते हैं।

हमारा प्रयास है—आप तक सही खबर, सही समय पर पहुंचाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *