मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देखी ‘हनुमान अंश’ फीचर फिल्म, कलाकारों के अभिनय और विषय-वस्तु की सराहना

 

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार शाम कोलार स्थित एक निजी प्लाजा में बहुचर्चित फीचर फिल्म ‘हनुमान अंश’ के प्रदर्शन में सहभागिता करते हुए फिल्म देखी। फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने इसकी विषय-वस्तु, प्रस्तुति और कलाकारों के अभिनय की सराहना की।

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नीब करौली बाबा के जीवन चरित्र पर केंद्रित ‘हनुमान अंश’ फिल्म हमारी आस्था, आध्यात्मिक परंपरा और भगवान हनुमान की भक्ति के मार्ग को समझने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। फिल्म में भक्ति के माध्यम से समाज सुधार की शक्ति को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि फिल्म ने भगवान हनुमान की आराधना, सेवा और समर्पण की भावना को प्रभावशाली तरीके से दर्शाया है।

 

उन्होंने कहा कि नीब करौली बाबा के जीवन पर आधारित यह फिल्म समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण, सेवा और मानवता की भावना की प्रेरणा देती है। संतों का जीवन भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा में सदैव समाज के लिए मार्गदर्शक रहा है।

 

शोभिनव सत्या के अभिनय की विशेष सराहना

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने फिल्म में नीब करौली बाबा की भूमिका निभाने वाले अभिनेता श्री शोभिनव सत्या के अभिनय की विशेष रूप से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि शोभिनव सत्या ने बाबा के चरित्र का केवल अभिनय नहीं किया, बल्कि उसे आत्मसात कर जीवंत कर दिया है। उनके अभिनय में बाबा के व्यक्तित्व की सहजता, भक्ति और आध्यात्मिक भावनाओं की गहरी अनुभूति दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि अभिनेता ने अपने अभिनय से वास्तव में कमाल कर दिया है।

 

नई पीढ़ी को संस्कारों और जड़ों से जोड़ेंगी ऐसी फिल्में

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं में संतों का जीवन हमेशा समाज को प्रेरणा देता रहा है। ऐसे प्रेरणादायी विषयों पर बनने वाली फिल्में नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कारों और समृद्ध आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

 

उन्होंने प्रदेशवासियों से ‘हनुमान अंश’ फिल्म देखने का आह्वान करते हुए कहा कि धर्म, संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं में आस्था रखने वाले प्रत्येक व्यक्ति को यह फिल्म अवश्य देखनी चाहिए। यह फिल्म भक्ति के साथ-साथ जीवन में सेवा, समर्पण, परोपकार और सभी के प्रति सद्भावना रखने की प्रेरणा देती है।

Mukesh Mehta
Mukesh Mehta

सीहोर और आसपास के क्षेत्रों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने वाला डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है। हमारा उद्देश्य स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, सामाजिक गतिविधियों और क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं को निष्पक्ष, जिम्मेदार और सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।

हम राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, खेल, धर्म, सामाजिक गतिविधियों और स्थानीय घटनाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों की खबरें प्रकाशित करते हैं।

हमारा प्रयास है—आप तक सही खबर, सही समय पर पहुंचाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *