कलेक्टर ने पंजीयन की कार्रवाई सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

            प्रदेश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में महिलाओं के आर्थिक स्वालंबन, उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सतत् सुधार एवं परिवार के निर्णयों में उनकी भूमिका सुदृढ़ करने हेतु राज्य शासन द्वारा “मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना 2023” का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत राज्य शासन ने योजना के प्रावधानों के अंतर्गत पात्रता में संशोधन किया है। इन संशोधनों के आधार पर नवीन पात्रताधारी महिलाओं से आवेदन लेने का सिलसिला 25 जुलाई से प्रारंभ होगा। नवीन पात्रताधारी महिलाएं अपना ऑनलाइन आवेदनों का पंजीयन 20 अगस्त तक करा सकेंगी।

        कलेक्टर श्री प्रवीण सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों को पंजीयन की कार्रवाई राज्य शासन के दिशा निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राज्य शासन द्वारा लाडली बहना योजना के प्रावधानों में योजना अंतर्गत पात्रता में संशोधन किया गया है। इसके अनुसार “आवेदन के कैलेण्डर वर्ष में, 01 जनवरी की स्थिति में 21 वर्ष पूर्ण कर चुकी हो तथा 60 वर्ष की आयु से कम हो”, योजना अंतर्गत अपात्रता की कण्डिका को  संशोधित कर प्रतिस्थापित किया गया है। साथ ही “जिनके परिवार के सदस्यों के नाम से पंजीकृत चार पहिया वाहन (ट्रैक्टर को छोड़कर) हो। यहां पर परिवार की परिभाषा कण्डिका 2.2 के अनुसार ही मान्य होगी।”

            उन्होंने बताया कि योजना अंतर्गत उक्त नवीन संशोधनों के अनुक्रम में 25 जुलाई 2023 से 20 अगस्त 2023 तक योजना के पोर्टल lbadmin.mp.gov.in पर पुनः नवीन पात्रताधारी महिलाओं के आवेदनों की ऑनलाइन प्रविष्टि कराई जायेगी। आगामी 25 जुलाई 2023 से योजना का पोर्टल को पुनः आवेदन की प्रविष्टि हेतु खोला जायेगा। आवेदन ग्राम पंचायत के सचिव के माध्यम से एवं नगरीय क्षेत्र में वार्ड कार्यालय के माध्यम से ऑनलाईन लिये जायेंगे। 01 जनवरी 2023 को 21 वर्ष या उससे अधिक तथा 23 वर्ष से कम आयु की समग्र पोर्टल पर आधार E-kyc पूर्ण महिलाओं को आवेदन हेतु पात्रता होगी। 01 जनवरी 2023 को 23 वर्ष या उससे अधिक तथा 60 वर्ष से कम आयु की ऐसी महिलाएं जिन्होंने स्वयं के परिवार में ट्रैक्टर होने के कारण आवेदन नहीं किया वे महिलाएं आवेदन कर सकेंगी। ऐसी महिलाओं से उनके ट्रैक्टर का पंजीयन क्रमांक प्राप्त किया जाएगा। इन पंजीयन नंबरों को तथा उनके मालिकों के नामों का परिवहन विभाग के पोर्टल से ऑनलाइन सत्यापन किया जाएगा। एक ट्रैक्टर को एक परिवार समग्र आई.डी. हेतु मान्य किया जाएगा।

            मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजनान्तर्गत अन्य अपात्रताएं एवं प्रक्रिया यथावत रहेंगी।

Mukesh Mehta
Mukesh Mehta

सीहोर और आसपास के क्षेत्रों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने वाला डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है। हमारा उद्देश्य स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, सामाजिक गतिविधियों और क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं को निष्पक्ष, जिम्मेदार और सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।

हम राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, खेल, धर्म, सामाजिक गतिविधियों और स्थानीय घटनाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों की खबरें प्रकाशित करते हैं।

हमारा प्रयास है—आप तक सही खबर, सही समय पर पहुंचाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *