मुकेश मेहता
रेहटी। नगर के मंडी प्रांगण में आयोजित 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ के दूसरे दिन शनिवार को श्रद्धा और आस्था का विशेष माहौल देखने को मिला। शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा के साथ शुरू हुए इस धार्मिक आयोजन में आज सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ यज्ञ स्थल पर पहुंच रही है।

शनिवार प्रातः 7 बजे से विद्वान आचार्यों के सान्निध्य में देव आवाहन, पूजन एवं यज्ञ आहुति का क्रम विधिवत प्रारंभ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और हवन की सुगंध से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु परिवार सहित पहुंचकर यज्ञ में आहुति दे रहे हैं और धर्म लाभ अर्जित कर रहे हैं।

महायज्ञ स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जहां सुबह से ही महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की सहभागिता देखने को मिल रही है। आयोजन समिति द्वारा व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखा गया है, जिससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

आचार्यों ने यज्ञ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस प्रकार के वैदिक आयोजनों से वातावरण शुद्ध होता है और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

आगामी कार्यक्रम:
17 मई (रविवार) को प्रातः 7 बजे से यज्ञ आहुति एवं विभिन्न संस्कार होंगे, वहीं शाम 4 बजे विराट दीप महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा, जो इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगा।

18 मई (सोमवार) को प्रातः 7 बजे से यज्ञ संस्कार कार्यक्रम का समापन होगा, इसके पश्चात सामूहिक भंडारा एवं टोली विदाई के साथ महायज्ञ का समापन किया जाएगा।

आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पुण्य अवसर का लाभ लें। लगातार बढ़ती श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का वातावरण बना हुआ है।

Mukesh Mehta
Mukesh Mehta

सीहोर और आसपास के क्षेत्रों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने वाला डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है। हमारा उद्देश्य स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, सामाजिक गतिविधियों और क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं को निष्पक्ष, जिम्मेदार और सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।

हम राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, खेल, धर्म, सामाजिक गतिविधियों और स्थानीय घटनाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों की खबरें प्रकाशित करते हैं।

हमारा प्रयास है—आप तक सही खबर, सही समय पर पहुंचाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *