शुजालपुर में किसानों के बीच बैठे सीएम डॉ. मोहन यादव, आय बढ़ाने और सुरक्षा को लेकर किए कई महत्वपूर्ण ऐलान
मुकेश मेहता
भोपाल/शुजालपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को शाजापुर जिले के शुजालपुर में आयोजित कार्यक्रम में किसानों और जनप्रतिनिधियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 134वां संस्करण सुनने पहुंचे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने किसानों से आत्मीय संवाद करते हुए कृषि, डेयरी, बिजली, बोनस और सड़क सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है और जो भी घोषणा की जाती है, उसे जमीन पर उतारा जाता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष सरकार ने 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से एक करोड़ मीट्रिक टन से अधिक गेहूं खरीदी कर नया रिकॉर्ड बनाया है। साथ ही लगभग 14 लाख किसानों से गेहूं खरीदी कर मध्यप्रदेश ने देश में नई पहचान बनाई है।

गांव से शहर आने वाले किसानों को मिलेगा हेलमेट

मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़ी संख्या में किसान दूध, सब्जियां और अन्य कृषि उत्पाद मोटरसाइकिल से शहरों तक पहुंचाते हैं। ऐसे में सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। किसानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार उन्हें हेलमेट उपलब्ध कराएगी, जिससे दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम किया जा सके।

मूंग और उड़द उत्पादकों को मिलेगा लाभ

डॉ. यादव ने कहा कि सरकार दलहन उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। मूंग की खरीदी की तैयारी की जा रही है तथा उड़द और मूंग उत्पादक किसानों का पंजीयन शुरू हो चुका है। उन्होंने घोषणा की कि मूंग के साथ उड़द पर भी 600 रुपये प्रति क्विंटल का विशेष बोनस दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश दाल उत्पादन में देश में प्रथम स्थान पर है और सरकार इस क्षेत्र को और मजबूत बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।

दिन में बिजली देने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी रबी सीजन में किसानों को राहत देने के लिए दिन में बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार काम कर रही है। इससे सिंचाई संबंधी समस्याएं कम होंगी और किसानों को रात में खेतों पर जाने की मजबूरी नहीं रहेगी।

डेयरी और गौसंवर्धन पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती के साथ-साथ डेयरी क्षेत्र किसानों की आय बढ़ाने का बड़ा माध्यम बन सकता है। सरकार दूध उत्पादन बढ़ाने और दुग्ध संग्रहण नेटवर्क को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने बताया कि नेशनल डेयरी बोर्ड के सहयोग से प्रदेश में दूध संग्रहण लगातार बढ़ रहा है और लक्ष्य इसे और ऊंचाई तक पहुंचाने का है।

उन्होंने गौसंवर्धन को लेकर कहा कि प्रदेश में गौशालाओं का विस्तार किया जा रहा है तथा गौपालकों को प्रति गाय प्रतिदिन 40 रुपये की सहायता दी जा रही है। गौमूत्र सहित विभिन्न विषयों पर अनुसंधान को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

किसानों के हित सर्वोपरि

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार गरीबों, युवाओं, महिलाओं और अन्नदाताओं के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। खेती, पशुपालन, डेयरी और कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देकर किसानों की आमदनी में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।

Mukesh Mehta
Mukesh Mehta

सीहोर और आसपास के क्षेत्रों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने वाला डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है। हमारा उद्देश्य स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, सामाजिक गतिविधियों और क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं को निष्पक्ष, जिम्मेदार और सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।

हम राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, खेल, धर्म, सामाजिक गतिविधियों और स्थानीय घटनाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों की खबरें प्रकाशित करते हैं।

हमारा प्रयास है—आप तक सही खबर, सही समय पर पहुंचाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *