सीहोर के बुधनी और देवास के खातेगांव ब्लॉक में विकसित होंगे पायलट मॉडल, गरीबी-मुक्त और रोजगारयुक्त गांव बनाने पर जोर

 

नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित कृषि भवन से ‘मिशन समृद्ध गाँव’ योजना का शुभारंभ किया। मिशन का उद्देश्य ऐसे गांवों का समग्र एवं एकीकृत विकास करना है, जहां प्रत्येक परिवार के लिए रोजगार एवं आजीविका के अवसर उपलब्ध हों, बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित हों और लोगों को मजबूरी में पलायन न करना पड़े।

 

चौहान ने कहा कि समृद्ध, आत्मनिर्भर और गरीबी-मुक्त गांव ही विकसित भारत की मजबूत नींव बनेंगे। मिशन के तहत केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का अभिसरण करते हुए परिवार से लेकर ग्राम पंचायत और ब्लॉक स्तर तक विकास की समेकित रूपरेखा तैयार की जाएगी।

 

बुधनी और खातेगांव में बनेगा पायलट मॉडल

 

‘मिशन समृद्ध गाँव’ के तहत मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के बुधनी और देवास जिले के खातेगांव ब्लॉक में पायलट मॉडल विकसित किए जाएंगे। इन क्षेत्रों में गरीबी उन्मूलन, रोजगार सृजन और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न सरकारी योजनाओं को एक साथ जोड़ा जाएगा। सफल मॉडल को बाद में देश के अन्य क्षेत्रों में दोहराने का लक्ष्य रखा गया है।

 

मंत्री चौहान ने कहा कि प्रत्येक परिवार की जरूरत और पात्रता के आधार पर उसे केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से जोड़ा जाएगा। कृषि और ग्रामीण विकास के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, आजीविका तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को भी मिशन का हिस्सा बनाया जाएगा।

 

‘लोगों की जिंदगी बदलना मेरी जिंदगी का मकसद’

 

चौहान ने कहा, “लोगों की जिंदगी बदलना मेरी जिंदगी का मकसद है।” उन्होंने कहा कि यदि सरकार की योजनाओं का सही तरीके से क्रियान्वयन कर उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए तो गरीबी को काफी हद तक समाप्त किया जा सकता है। इसके लिए विभागों, प्रशासन, पंचायती राज संस्थाओं और विभिन्न साझेदार संस्थाओं को टीम भावना से काम करना होगा।

 

महिला किसानों और ग्रामीण महिलाओं पर विशेष जोर

 

मिशन में महिला किसानों की पहचान कर उन्हें कृषि संबंधी सलाह और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ग्रामीण महिलाओं को विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़ने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। चौहान ने ‘लखपति दीदी’ अभियान का उदाहरण देते हुए कहा कि सफल महिलाओं को देखकर अन्य ग्रामीण महिलाओं में भी आत्मनिर्भर बनने का विश्वास पैदा होता है। ऐसे सफल मॉडलों को दूसरे गांवों में भी लागू किया जाएगा।

 

खेती के साथ विविध गतिविधियों से बढ़ेगी आय

 

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छोटे और सीमांत किसानों की आय बढ़ाने के लिए एकीकृत कृषि प्रणाली को बढ़ावा देना आवश्यक है। किसानों को केवल अनाज उत्पादन तक सीमित रखने के बजाय फल-सब्जी उत्पादन, मछली पालन, बकरी पालन, पशुपालन, मुर्गी पालन और मधुमक्खी पालन जैसी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।

 

इसके साथ ही गांवों में वेयरहाउस, खाद्य प्रसंस्करण और उत्पादन आधारित गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। किसानों को कच्ची उपज बेचने के बजाय मूल्यवर्धित उत्पाद तैयार कर बाजार तक पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे किसानों की आय बढ़ने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

 

संस्थागत साझेदारी से गति पकड़ेगा मिशन

 

मिशन के क्रियान्वयन में ट्रांसफॉर्म रूरल इंडिया फाउंडेशन, गेट्स फाउंडेशन, एक्सिस बैंक फाउंडेशन, एचएसबीसी, सिटीबैंक सहित अन्य साझेदार संस्थाओं के सहयोग और सुझावों का स्वागत किया गया। चौहान ने कहा कि सरकार, पंचायती राज संस्थाओं, नागरिक समाज संगठनों और निजी क्षेत्र के बीच बेहतर समन्वय से ग्रामीण विकास को नई गति दी जा सकती है।

 

उन्होंने कहा कि ‘मिशन समृद्ध गाँव’ केवल एक योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास का प्रयोगात्मक मॉडल है, जिसकी सफलता के बाद इसे बड़े स्तर पर देशभर में दोहराया जा सकेगा।

Mukesh Mehta
Mukesh Mehta

सीहोर और आसपास के क्षेत्रों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने वाला डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है। हमारा उद्देश्य स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, सामाजिक गतिविधियों और क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं को निष्पक्ष, जिम्मेदार और सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।

हम राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, खेल, धर्म, सामाजिक गतिविधियों और स्थानीय घटनाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों की खबरें प्रकाशित करते हैं।

हमारा प्रयास है—आप तक सही खबर, सही समय पर पहुंचाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *