एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे ने की अध्यक्षता, सुरक्षा, यातायात और बिजली व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

 

 

मुकेश मेहता

भेरुंदा। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को थाना भेरुंदा परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जिला सीहोर डॉ. प्रशांत चौबे ने की। इस दौरान आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था एवं नागरिक सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

 

बैठक में एसडीओपी भेरुंदा रोशन कुमार जैन, थाना प्रभारी निरीक्षक जी.एस. दांगी, सीएमओ, विद्युत विभाग के जेई, नगर अध्यक्ष मारुति शिशिर, पार्षदगण, शांति समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।

 

बैठक में धार्मिक आयोजनों एवं जुलूसों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय करते हुए व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

 

अफवाहों से बचें, सोशल मीडिया पर रखें नजर

 

पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं शांति समिति के सदस्यों से आगामी त्योहारों के दौरान आपसी भाईचारा, सामाजिक सद्भाव और शांति बनाए रखने में सहयोग की अपील की। साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास नहीं करने की बात कही गई।

 

पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि सोशल मीडिया पर किसी भी आपत्तिजनक या विवादित सामग्री की जानकारी मिलने पर उसे आगे प्रसारित करने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचित करें। इससे किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा विवाद को समय रहते रोका जा सके।

 

पुलिस-प्रशासन को सहयोग का भरोसा

 

बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

 

भेरुंदा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि आगामी त्योहारों को आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के साथ मनाएं तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।

Mukesh Mehta
Mukesh Mehta

सीहोर और आसपास के क्षेत्रों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने वाला डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है। हमारा उद्देश्य स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, सामाजिक गतिविधियों और क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं को निष्पक्ष, जिम्मेदार और सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।

हम राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, खेल, धर्म, सामाजिक गतिविधियों और स्थानीय घटनाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों की खबरें प्रकाशित करते हैं।

हमारा प्रयास है—आप तक सही खबर, सही समय पर पहुंचाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *