तीन साल से गुम मोबाइल भी मिले, फोन वापस पाकर खिले लोगों के चेहरे; 260 मोबाइल एसपी कार्यालय में बांटे, 233 थानों के माध्यम से लौटाए

 

मुकेश मेहता

सीहोर। नवरात्रि के अवसर पर सीहोर पुलिस ने लोगों को खास उपहार दिया है। पुलिस ने गुम हुए 493 मोबाइल फोन खोजकर उनके वास्तविक धारकों को वापस सौंपे हैं। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 78 लाख रुपए बताई गई है। कई मोबाइल ऐसे भी हैं, जो तीन साल पहले गुम हो गए थे और उनके मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों को अब फोन वापस मिल गए। मोबाइल हाथ में आते ही लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पुलिस की तत्परता के लिए आभार जताया।

 

साइबर सेल और थानों की संयुक्त कार्रवाई

 

पुलिस अधीक्षक श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे के मार्गदर्शन में जिला साइबर सेल और जिले के सभी थानों की टीमों ने संयुक्त प्रयास कर वर्ष 2026 में अब तक कुल 493 गुम मोबाइल फोन खोजे हैं। पुलिस ने सभी मोबाइल सुरक्षित तरीके से उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाए।

 

260 मोबाइल एसपी कार्यालय में लौटाए

 

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान 260 मोबाइल फोन उनके धारकों को सौंपे गए। वहीं, शेष 233 मोबाइल फोन संबंधित थाना स्तर पर विधिवत उनके मालिकों को लौटाए गए। लंबे समय से खोए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जाहिर की और सीहोर पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की।

 

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

 

गुम मोबाइल फोन खोजने में साइबर सेल की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसमें साइबर सेल प्रभारी प्रधान आरक्षक सुशील कुमार साल्वे, प्रधान आरक्षक शैलेन्द्र सिंह राजपूत, आरक्षक अभिषेक चौहान, आरक्षक तरुण राठौर, आरक्षक अर्पित गुप्ता और आरक्षक जितेन्द्र राजपूत सहित जिले के विभिन्न थानों में गठित विशेष टीमों का सराहनीय योगदान रहा।

 

मोबाइल गुम हो तो तुरंत करें शिकायत

 

सीहोर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही भारत सरकार के CEIR पोर्टल के माध्यम से भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर मोबाइल को ब्लॉक कराने की प्रक्रिया अपनाई जा सकती है। समय पर शिकायत करने से मोबाइल की तलाश और उसके दुरुपयोग को रोकने में मदद मिल सकती है।

Mukesh Mehta
Mukesh Mehta

सीहोर और आसपास के क्षेत्रों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने वाला डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है। हमारा उद्देश्य स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, सामाजिक गतिविधियों और क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं को निष्पक्ष, जिम्मेदार और सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।

हम राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, खेल, धर्म, सामाजिक गतिविधियों और स्थानीय घटनाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों की खबरें प्रकाशित करते हैं।

हमारा प्रयास है—आप तक सही खबर, सही समय पर पहुंचाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *