“नर्मदा के घाटों से बॉलीवुड तक… अब दुनिया देखेगी नर्मदापुरम का हुनर”


नर्मदापुरम। दुर्गेश राजपूत /

नर्मदापुरम की पावन धरती, यहां की खूबसूरत वादियां और स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा अब बड़े पर्दे पर अपनी अलग पहचान बनाने जा रही है। बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द नर्मदा स्टोरी’ 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में फिल्म के मुख्य अभिनेता एवं नर्मदापुरम निवासी शरद सिंह ने फिल्म से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। फिल्म का प्रदर्शन शहर के मीनाक्षी सिनेमाघर में किया जाएगा।

फिल्म की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसकी संपूर्ण शूटिंग नर्मदापुरम के वास्तविक घाटों, प्राकृतिक वादियों और स्थानीय परिवेश में की गई है। फिल्म न केवल मां नर्मदा के सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व को उजागर करती है, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का भी प्रयास करती है।

स्थानीय कलाकारों को मिला बड़ा मंच

फिल्म में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (एनएसडी) तथा मध्यप्रदेश के कई थिएटर कलाकारों को बॉलीवुड के अनुभवी कलाकारों के साथ अभिनय करने का अवसर मिला है। इससे क्षेत्रीय प्रतिभाओं को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

दमदार स्टारकास्ट बनेगी आकर्षण का केंद्र

फिल्म में मध्यप्रदेश कैडर की चर्चित आईपीएस अधिकारी सिमाला प्रसाद सब-इंस्पेक्टर नर्मदा रायकवार की मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।

वहीं वरिष्ठ अभिनेता रघुवीर यादव नंदकिशोर रायकवार और अभिनेत्री जरीना वहाब सुधा रायकवार की प्रभावशाली भूमिका निभा रहे हैं।

अभिनेत्री अश्विनी कालसेकर आदिवासी महिला अग्नि धुर्वे के किरदार में व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष करती दिखाई देंगी, जबकि मुकेश तिवारी एक अहम नकारात्मक भूमिका में दर्शकों का ध्यान आकर्षित करेंगे।

नर्मदापुरम के शरद सिंह निभा रहे हैं सस्पेंस से भरपूर किरदार

फिल्म में नर्मदापुरम निवासी शरद सिंह लापता पुलिस इंस्पेक्टर पुरुषोत्तम भदौरिया की रहस्यमयी और सस्पेंस से भरपूर भूमिका में नजर आएंगे। इसके अलावा इश्तियाक खान ट्रांसजेंडर विलेन निशा के चुनौतीपूर्ण किरदार में दिखाई देंगे, जबकि अंजलि पाटिल गुलाब सिंह की दमदार भूमिका निभा रही हैं।

अपने शहर को बड़े पर्दे पर देखने को उत्साहित दर्शक

नर्मदापुरम के लोगों में फिल्म को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। दर्शक अपने शहर के घाटों, प्राकृतिक सौंदर्य और स्थानीय कलाकारों को बड़े पर्दे पर देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

बॉक्स खबर

कल से मीनाक्षी सिनेमाघर में प्रदर्शन

फिल्म : द नर्मदा स्टोरी

रिलीज डेट : 12 जून

स्थान : मीनाक्षी सिनेमाघर, नर्मदापुरम

विशेषता : नर्मदापुरम में शूट हुई पूरी फिल्म

आकर्षण : स्थानीय कलाकारों के साथ बॉलीवुड के दिग्गज कलाकारों का संगम



“यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि नर्मदापुरम की संस्कृति, संघर्ष, प्रतिभा और मां नर्मदा के गौरव की कहानी है।”

Mukesh Mehta
Mukesh Mehta

सीहोर और आसपास के क्षेत्रों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने वाला डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है। हमारा उद्देश्य स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, सामाजिक गतिविधियों और क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं को निष्पक्ष, जिम्मेदार और सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।

हम राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, खेल, धर्म, सामाजिक गतिविधियों और स्थानीय घटनाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों की खबरें प्रकाशित करते हैं।

हमारा प्रयास है—आप तक सही खबर, सही समय पर पहुंचाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *