रेहटी पुलिस पर गंभीर सवाल: अवैध कारोबार बेलगाम, एक ही रात में दो चोरियों ने खोली गश्त की पोलमुकेश मेहता
रेहटी। रेहटी थाना एवं सलकनपुर चौकी क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। क्षेत्र में जुआ, सट्टा, गांजा और अन्य अवैध गतिविधियों के खुलेआम संचालन के आरोपों के बीच एक ही रात में हुई दो बड़ी चोरियों ने पुलिस की गश्त व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र के कई स्थानों पर लंबे समय से जुआ और सट्टे का कारोबार संचालित हो रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि छोटे खिलाड़ियों पर कार्रवाई का दिखावा किया जाता है, जबकि बड़े खाईवालों तक पुलिस के हाथ नहीं पहुंचते। क्षेत्र में यह चर्चा आम है कि अवैध कारोबार करने वालों और कुछ पुलिसकर्मियों के बीच कथित सांठगांठ के चलते कार्रवाई प्रभावी नहीं हो पा रही है।

इधर, बीती रात हुई दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं में चोर लाखों रुपये के माल पर हाथ साफ कर फरार हो गए। लगातार हो रही घटनाओं के बाद लोगों का कहना है कि यदि पुलिस की गश्त सक्रिय होती तो चोरों के हौसले इतने बुलंद नहीं होते। चोरी की वारदातों ने पुलिस के सुरक्षा दावों की पोल खोलकर रख दी है।

क्षेत्र के नागरिकों का आरोप है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन कार्रवाई अपेक्षित स्तर पर नहीं हुई। वहीं कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाए हैं कि थाने और चौकी स्तर पर बंदियों एवं उनके परिजनों से पैसों की मांग किए जाने की शिकायतें भी समय-समय पर सामने आती रही हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि अपराधियों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होने से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और गांवों का माहौल बिगड़ रहा है। लोगों ने जिला पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने तथा क्षेत्र में नियमित और प्रभावी गश्त सुनिश्चित करने की मांग की है।

जनता का सवाल:
जब क्षेत्र में अवैध कारोबार खुलेआम चल रहे हैं, लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं और शिकायतों का अंबार लगा है, तो आखिर जिम्मेदार कौन है? क्या वरिष्ठ अधिकारी इन शिकायतों को गंभीरता से लेकर कार्रवाई करेंगे या फिर रेहटी और सलकनपुर क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इसी तरह बुलंद रहेंगे

Mukesh Mehta
Mukesh Mehta

सीहोर और आसपास के क्षेत्रों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने वाला डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है। हमारा उद्देश्य स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, सामाजिक गतिविधियों और क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं को निष्पक्ष, जिम्मेदार और सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।

हम राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, खेल, धर्म, सामाजिक गतिविधियों और स्थानीय घटनाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों की खबरें प्रकाशित करते हैं।

हमारा प्रयास है—आप तक सही खबर, सही समय पर पहुंचाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *