ट्रस्ट ने कहा— किसी भी व्यक्ति या संस्था को घर-घर जाकर दान या अनाज एकत्र करने की अनुमति नहीं, नकली रसीदों से वसूली की मिल रही शिकायतें

 

 

 

मुकेश मेहता

सलकनपुर/रेहटी

 

विश्व प्रसिद्ध मां विजयासन देवी धाम सलकनपुर मंदिर ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं के नाम महत्वपूर्ण सूचना जारी करते हुए भंडारे एवं माताजी के नाम पर चंदा, दानराशि या अन्नदान की वसूली करने वाले लोगों से सावधान रहने की अपील की है। ट्रस्ट के अनुसार पिछले कुछ समय से ऐसी शिकायतें लगातार मिल रही हैं कि कुछ लोग वाहनों से गांव-गांव और घर-घर जाकर सलकनपुर वाली माताजी एवं भंडारे के नाम पर नकली रसीदें देकर नकद राशि और अनाज एकत्र कर रहे हैं।

 

ट्रस्ट अध्यक्ष महेश उपाध्याय ने स्पष्ट किया है कि मंदिर ट्रस्ट ने किसी भी व्यक्ति, संस्था या संगठन को इस प्रकार घर-घर जाकर दान, चंदा अथवा अन्नदान एकत्र करने के लिए अधिकृत नहीं किया है। श्रद्धालु ऐसे लोगों के झांसे में न आएं और किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति को नकद राशि या अनाज न दें।

 

ट्रस्ट ने बताया कि यदि कोई श्रद्धालु मंदिर में भंडारे, धार्मिक कार्य या अन्य सेवा के लिए सहयोग करना चाहता है तो वह सीधे मंदिर के अधिकृत दान काउंटर या ट्रस्ट के अधिकृत बैंक खाते में ही राशि जमा करें तथा विधिवत रसीद प्राप्त करें।

 

बड़े मंदिरों के नाम पर भी हो रही चंदा उगाही

 

जानकारी के अनुसार केवल सलकनपुर ही नहीं, बल्कि प्रदेश के कई प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों और बड़े मंदिरों के नाम पर भी कुछ असामाजिक तत्व फर्जी रसीदें छपवाकर या धार्मिक भावनाओं का सहारा लेकर चंदा और अनाज वसूली का काम कर रहे हैं। कई मामलों में लोग खुद को मंदिर समिति का सदस्य या प्रतिनिधि बताकर श्रद्धालुओं से नकद राशि मांगते हैं। ऐसे मामलों में लोगों को सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की राशि देने से पहले संबंधित मंदिर ट्रस्ट या समिति से जानकारी अवश्य लेने की सलाह दी जा रही है।

 

मंदिर ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मंदिर या भंडारे के नाम पर अनधिकृत रूप से चंदा या अनाज मांगता हुआ मिले तो इसकी सूचना तत्काल मंदिर ट्रस्ट अथवा स्थानीय पुलिस प्रशासन को दें, ताकि ऐसे फर्जी लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जा सके।

Mukesh Mehta
Mukesh Mehta

सीहोर और आसपास के क्षेत्रों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने वाला डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है। हमारा उद्देश्य स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, सामाजिक गतिविधियों और क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं को निष्पक्ष, जिम्मेदार और सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।

हम राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, खेल, धर्म, सामाजिक गतिविधियों और स्थानीय घटनाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों की खबरें प्रकाशित करते हैं।

हमारा प्रयास है—आप तक सही खबर, सही समय पर पहुंचाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *