पुलिस-प्रशासन ने जगह-जगह रोकने का किया प्रयास, छात्र-छात्राएं बोले—सीहोर पहुंचकर ही लेंगे दमआईटीआई निजीकरण के विरोध में छात्रों की 80 किमी पैदल यात्रा

 

पुलिस-प्रशासन ने जगह-जगह रोकने का किया प्रयास, छात्र-छात्राएं बोले—सीहोर पहुंचकर ही लेंगे दम

चकल्दी से शुरू हुई यात्रा, एसडीओपी-एसडीएम ने आईटीआई गेट पर रोका; भिलाई में भेरूंदा टीआई ने समझाया, फिर भी जारी रही पदयात्रा

मुकेश मेहता

सीहोर/रेहटी । मध्य प्रदेश के 16 आईटीआई संस्थानों के निजीकरण के विरोध में चकल्दी स्थित एकलव्य आईटीआई के छात्र-छात्राओं द्वारा शुरू की गई करीब 80 किलोमीटर की पैदल यात्रा अब आंदोलन का बड़ा रूप लेती दिखाई दे रही है। शनिवार को चकल्दी से सीहोर जिला मुख्यालय के लिए शुरू हुई इस पदयात्रा को पुलिस और प्रशासन द्वारा जगह-जगह रोकने और समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन छात्र-छात्राएं अपनी मांग पर अड़े रहे और यात्रा जारी रखी।

यात्रा शुरू होने के बाद चकल्दी स्थित आईटीआई गेट पर बुधनी एसडीओपी और एसडीएम द्वारा विद्यार्थियों को रोककर समझाइश दी गई। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपना आवेदन यहीं दे दें और सीहोर तक पैदल जाने की आवश्यकता नहीं है। हालांकि छात्र-छात्राएं इसके लिए तैयार नहीं हुए। विद्यार्थियों ने कहा कि वे जिला अधिकारी से स्वयं मिलकर अपनी मांग और समस्या रखना चाहते हैं। इसके बाद उन्होंने दोबारा पैदल यात्रा शुरू कर दी।

इसके बाद भिलाई ग्राम के पास भेरूंदा थाना प्रभारी द्वारा भी विद्यार्थियों को समझाने का प्रयास किया गया। पुलिस द्वारा यात्रा रोकने एवं समझाइश देने के बावजूद छात्र-छात्राओं ने अपना आंदोलन जारी रखा और सीहोर की ओर आगे बढ़ते रहे।

फिलहाल पदयात्रा लड़कुई पहुंचने वाली है। छात्र-छात्राओं का कहना है कि उनका उद्देश्य शांतिपूर्ण तरीके से जिला अधिकारी तक अपनी बात पहुंचाना है और वे सीहोर पहुंचकर आईटीआई के निजीकरण के विरोध में अपना आवेदन सौंपेंगे।

निजीकरण के विरोध में पहले भी निकाली थी जागरूकता रैली

गौरतलब है कि इससे पहले चकल्दी आईटीआई के विद्यार्थियों ने निजीकरण के विरोध में गांव में जागरूकता रैली निकालकर नुक्कड़ सभा आयोजित की थी। विद्यार्थियों ने आरोप लगाया था कि आईटीआई के निजीकरण से गरीब, आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के भविष्य पर विपरीत असर पड़ेगा।

छात्र नेताओं का कहना है कि करीब 80 किलोमीटर की यह पदयात्रा केवल एक संस्थान का मुद्दा नहीं है, बल्कि सार्वजनिक शिक्षा व्यवस्था और गरीब विद्यार्थियों के भविष्य को बचाने की लड़ाई है। विद्यार्थियों ने स्पष्ट किया कि प्रशासन की समझाइश के बावजूद वे अपनी यात्रा नहीं रोकेंगे और सीहोर पहुंचकर जिला अधिकारी के सामने अपनी मांग रखेंगे।

Mukesh Mehta
Mukesh Mehta

सीहोर और आसपास के क्षेत्रों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने वाला डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है। हमारा उद्देश्य स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, सामाजिक गतिविधियों और क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं को निष्पक्ष, जिम्मेदार और सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।

हम राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, खेल, धर्म, सामाजिक गतिविधियों और स्थानीय घटनाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों की खबरें प्रकाशित करते हैं।

हमारा प्रयास है—आप तक सही खबर, सही समय पर पहुंचाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *