दो हिस्सों में बांटे ट्रक के गुप्त कंपार्टमेंट से 325 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद, चालक-क्लीनर गिरफ्तार

 

मुकेश मेहता

सीहोर। अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सीहोर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भोपाल से गुजरात जा रहे एक ट्रक से करीब 325 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। जब्त शराब की खुदरा बाजार कीमत करीब 41 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने ट्रक चालक और क्लीनर को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

 

पुलिस के अनुसार, 20-21 अगस्त की दरमियानी रात को कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भोपाल की ओर से एक ट्रक क्रमांक MP 09 HG 2140 में अवैध शराब भरकर गुजरात ले जाई जा रही है। सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर तत्काल घेराबंदी के लिए रवाना की गई।

 

पुलिस टीम ने बिलकिसगंज-झागरिया रोड पर ग्राम बरखेड़ी के पास पेट्रोल पंप के सामने संदिग्ध ट्रक को घेराबंदी कर रोक लिया। ट्रक की जांच करने पर उसका पिछला हिस्सा खाली दिखाई दिया और उसमें सीमेंट बिखरी हुई थी। प्रारंभिक जांच में ट्रक खाली नजर आने पर पुलिस को संदेह हुआ।

 

नट-बोल्ट से कसा था शराब का गुप्त दरवाजा

 

पुलिस द्वारा चालक और क्लीनर से सख्ती से पूछताछ करने पर ट्रक के अगले हिस्से में बने एक अलग कंपार्टमेंट की जानकारी सामने आई। इस कंपार्टमेंट का दरवाजा नट-बोल्ट से कसकर बंद किया गया था। दरवाजा खोलने पर पुलिस को अंदर भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब रखी मिली।

 

पुलिस के मुताबिक ट्रक की बॉडी को दो हिस्सों में इस तरह तैयार किया गया था कि बाहर से देखने पर ट्रक खाली दिखाई दे। बड़े बाहरी हिस्से में सीमेंट बिखेर रखी गई थी, जबकि केबिन से सटे छोटे और गुप्त कंपार्टमेंट में शराब छिपाई गई थी। पुलिस की नजर से बचाने के लिए बनाई गई इस व्यवस्था का मुखबिर की सूचना के चलते पर्दाफाश हो गया।

 

शराब के संबंध में चालक और क्लीनर से दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने शराब को ट्रक से बाहर निकलवाकर गिनती कराई, जिसमें MD व्हिस्की एवं RS सहित कुल 325 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसकी अनुमानित खुदरा बाजार कीमत करीब 41 लाख रुपए आंकी गई है।

 

चालक और क्लीनर गिरफ्तार

 

पुलिस ने मामले में बबलू चौहान पिता ठाकुर सिंह चौहान, उम्र 24 वर्ष, निवासी इंदिरा कॉलोनी, जोबट, जिला अलीराजपुर तथा सिकंदर मंडलोई पिता अजय मंडलोई, उम्र 33 वर्ष, निवासी तड़वी फालिया, जोबट, जिला अलीराजपुर को गिरफ्तार किया है।

 

पुलिस ने शराब और ट्रक को विधिवत जब्त करते हुए आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 607/2026, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। पुलिस द्वारा शराब तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

 

इनकी रही अहम भूमिका

 

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र यादव, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र सिंह पवार, प्रधान आरक्षक मनोज वर्मा, आरक्षक जितेंद्र सिंह परमार, आरक्षक जितेंद्र चंद्रवंशी, आरक्षक चेतन चौहान, आरक्षक विवेक सिंह दांगी, आरक्षक नरेंद्र सिंह जाट तथा आरक्षक चालक विष्णु भगवान ठाकुर सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है और शराब की तस्करी में शामिल अन्य लोगों तथा इस नेटवर्क से जुड़े संभावित आरोपियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

Mukesh Mehta
Mukesh Mehta

सीहोर और आसपास के क्षेत्रों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने वाला डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है। हमारा उद्देश्य स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, सामाजिक गतिविधियों और क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं को निष्पक्ष, जिम्मेदार और सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।

हम राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, खेल, धर्म, सामाजिक गतिविधियों और स्थानीय घटनाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों की खबरें प्रकाशित करते हैं।

हमारा प्रयास है—आप तक सही खबर, सही समय पर पहुंचाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *