700 से अधिक ठिकानों पर दबिश, 146 चिन्हित अपराधियों की घर पहुंचकर सघन चेकिंग; 224 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी अभियान में रहे शामिल

 

 

मुकेश मेहता

सीहोर। आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से सीहोर पुलिस ने 12-13 सितंबर की दरमियानी रात पूरे जिले में व्यापक कॉम्बिंग गश्त एवं धरपकड़ अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना के नेतृत्व में रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक चले इस अभियान में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने वारंटियों, बदमाशों और अपराधियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी।

 

अभियान के दौरान पुलिस ने 700 से अधिक वारंटियों, बदमाशों एवं अपराधियों के ठिकानों को चिन्हित कर दबिश दी। जिले में की गई कार्रवाई में कुल 222 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 125 स्थाई वारंटी तथा 97 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं।

 

146 बदमाशों की घर पहुंचकर चेकिंग

 

कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने जिले के 146 चिन्हित अपराधियों, निगरानी बदमाशों एवं गुंडों की उनके निवास पर पहुंचकर सघन चेकिंग की। पुलिस द्वारा उनकी गतिविधियों और वर्तमान स्थिति की जानकारी भी जुटाई गई।

 

224 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी अभियान में रहे शामिल

 

पूरे जिले में चलाए गए इस अभियान में 224 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की अलग-अलग टीमों ने संयुक्त रूप से कॉम्बिंग गश्त की। पुलिस अधीक्षक सहित जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में रातभर भ्रमण कर पुलिस कार्रवाई का जायजा लिया और अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

एसपी ने कई थाना क्षेत्रों का किया भ्रमण

 

पुलिस अधीक्षक श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने थाना कोतवाली एवं मंडी के पुलिस बल को संयुक्त रूप से ब्रीफ कर आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे, नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा एवं डीएसपी हेमंत पाण्डेय उपस्थित रहे।

 

इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने दोराहा, श्यामपुर एवं बिलकिसगंज थाना क्षेत्रों का भ्रमण एवं निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीओपी सीहोर सुश्री पूजा शर्मा मौजूद रहीं।

 

वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे ने थाना अहमदपुर एवं दोराहा सहित विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण किया। जिले के सभी अनुभाग प्रभारियों (एसडीओपी/सीएसपी) ने भी अपने-अपने अनुभाग के थानों में पुलिस बल को ब्रीफ कर रातभर थाना क्षेत्रों में गश्त एवं कार्रवाई की निगरानी की।

 

बुधनी पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ की कार्रवाई

 

कॉम्बिंग गश्त के दौरान थाना बुधनी पुलिस ने अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 29.86 लीटर देशी एवं अंग्रेजी शराब जब्त की गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पृथक-पृथक आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की।

 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Mukesh Mehta
Mukesh Mehta

सीहोर और आसपास के क्षेत्रों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने वाला डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है। हमारा उद्देश्य स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, सामाजिक गतिविधियों और क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं को निष्पक्ष, जिम्मेदार और सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।

हम राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, खेल, धर्म, सामाजिक गतिविधियों और स्थानीय घटनाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों की खबरें प्रकाशित करते हैं।

हमारा प्रयास है—आप तक सही खबर, सही समय पर पहुंचाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *