गुणवत्तापूर्ण एवं तय समय पर हो सभी निर्माण एवं विकास कार्य- कलेक्टर प्रवीण सिंह


सभी पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ मिले- कलेक्टर सिंह


कलेक्टर ने नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के अधिकारियों को दिए निर्देश

कलेक्टर प्रवीण सिंह ने बुधनी जनपद का भ्रमण कर चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने निर्माण कार्यों एवं अनेक योजनाओं की प्रगति की अधिकारियों से विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने एसडीएम, सीईओ सहित सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्तमान में प्रगतिरत निर्माण एवं विकास कार्य गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर प्रवीण सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे यह सुनिश्चित करें कि हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ या सुविधा पाने से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि पात्रता में शामिल नये हितग्राहियों को यथाशीघ्र योजनाओं से लाभान्वित किया जाए। उन्होंने अधिकारियो को भ्रमण के दौरान ग्रामवासियों से मिलने वाली शिकायतों एवं आवेदन पत्रों का त्वरित निराकरण करने के भी निर्देश दिए।

कलेक्टर प्रवीण सिंह ने बुधनी मे बनाए जा रहे मेडिकल कॉलेज के स्थल का निरीक्षण किया तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों से चर्चा की। उन्होंने प्रज्जवल बुधनी के तहत मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति उपरान्त कार्य की प्रगति के बारे में संबंधित अधिकारियों से विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने एकलव्य विद्यालय का भी निरीक्षण किया और छात्र-छात्राओं से शैक्षणिक गतिविधियों के बारे जानकारी ली। बच्चों से चर्चा के दौरान उन्होंने बच्चों को पूरी लगन के साथ पढ़ाई करने के लिए कहा। इस दौरान पूर्व विधायक राजेन्द्र सिंह राजपूत, जिला पंचायत सीईओ हर्ष सिंह, एसडीएम आरएस बघेल, जनपद सीईओ देवेश सराठे, तहसीलदार आशुतोष शर्मा, नायब तहसीलदार आकाश महंत सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।

आजीविका रूरल मार्ट एवं सलकनपुर प्रसादम केन्द्र का निरीक्षण

कलेक्टर प्रवीण सिंह ने सलकनपुर में आजीविका रूरल मार्ट तथा सलकनपुर प्रसादम केन्द्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उत्पादन यूनिट का जायजा लिया तथा निर्माण की पूरी प्रक्रिया देखी। उन्होंने आजीविका मिशन की महिलाओं से उनके द्वारा किये जा रहे व्यवसाय के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि जिले की महिलाएं आर्थिक रूप से स्वतंत्र और आत्मनिर्भर बने, इसके लिए व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए काम किया जाएगा। जिला पंचायत सीईओ हर्ष सिंह और डीपीएम दिनेश बरफा ने जिले में स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों के बारे में अवगत कराया।


खाद वितरण सुगमता से हो – कलेक्टर सिंह

कलेक्टर प्रवीण सिंह ने वर्तमान में खाद वितरण सुगमता से कराने के लिए एसडीएम, तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद लेने में किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि वर्तमान में खाद की पर्याप्त उपलब्धता है, केवल व्यवस्थित ढंग से वितरण की जरूरत है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि खाद की आगामी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए पूर्व में पर्याप्त मात्रा में खाद का भण्डारण सुनिश्चित करें।

शत-प्रतिशत राशन वितरण

भ्रमण के दौरान कलेक्टर प्रवीण सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासकीय उचित मूल्य की राशन दुकाने नियमित रूप से खुलें तथा निर्धारित मात्रा में हितग्राहियों को राशन मिले। उन्होंने समय समय पर राशन दुकानों का निरीक्षण करने के अधिकारियों को निर्देश दिए तथा राशन वितरण संबंधी शिकायत मिलने पर तुरंत जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

राजस्व संबंधी प्रकरणों का निराकरण समय सीमा में करें

कलेक्टर प्रवीण सिंह ने सभी राजस्व अधिकारियों को राजस्व संबंधी प्रकरणों को निराकरण समय सीमा में पूर्ण करने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने नामांतरण, बँटवारा, सीमांकन, डायवर्सन, राजस्व वसूली सहित अन्य राजस्व प्रकरणों के साथ ही राजस्व न्यायालयों के लम्बित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें और समय सीमा में उनका निराकरण करें।

Mukesh Mehta
Mukesh Mehta

सीहोर और आसपास के क्षेत्रों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने वाला डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है। हमारा उद्देश्य स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, सामाजिक गतिविधियों और क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं को निष्पक्ष, जिम्मेदार और सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।

हम राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, खेल, धर्म, सामाजिक गतिविधियों और स्थानीय घटनाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों की खबरें प्रकाशित करते हैं।

हमारा प्रयास है—आप तक सही खबर, सही समय पर पहुंचाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *