कूनो नेशनल पार्क पहुंचीं राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु, चीता कमांड-कंट्रोल सेंटर का किया अवलोकन

 

– राष्ट्रपति को दी गई चीतों कि निगरानी और ट्रैकिंग की प्रक्रिया की जानकारी

– राष्ट्रपति मुर्मु-मुख्यमंत्री डॉ. यादव के बीच हुआ प्रतीक चिन्हों का आदान-प्रदान

 

भोपाल/श्योपुर। देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु 21 जून की शाम श्योपुर जिले स्थित कूनो नेशनल पार्क पहुंचीं। यहां उन्होंने चीता कमांड और कंट्रोल सेंटर का अवलोकन किया। चीता कमांड और कंट्रोल सेंटर के अवलोकन के दौरान राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु को चीतों कि निगरानी और ट्रैकिंग की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। राष्ट्रपति आज कूनो नेशनल पार्क में ही विश्राम करेंगी। श्योपुर से पहले जबलपुर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू से भेंट की और उनके साथ प्रतीक चिन्हों का आदान-प्रदान किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश प्रवास के लिए राष्ट्रपति का पूरे प्रदेशवासियों की ओर से सहृदय आभार भी व्यक्त किया।

 

राष्ट्रपति ने चीता कमांड एवं कंट्रोल सेंटर परिसर में चीता प्रोजेक्ट की अभी तक की प्रगति पर लगाई गई प्रदर्शिनी का अवलोकन किया। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु को अवगत कराया गया कि वर्तमान में भारत में चीतों की संख्या 52 है, जिनमें से 49 चीते कूनो में मौजूद हैं, तीन चीते गांधी सागर अभयारण्य मंदसौर भेजे गए हैं। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु ने इस दौरान चीतों के लिए की गई आवश्यक सुविधाओं के विषय में जानकारी ली। उन्हें बताया गया कि हर 2 किलोमीटर पर जंगल में वॉटर पिट बनाए गए हैं। उनमें अवश्यकता अनुसार पानी भरवाया जाता है। इस दौरान उन्हें बोत्सवाना से लाए गए चीतों की गतिविधियों की भी जानकारी दी गयी। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु द्वारा उनकी बोत्सवाना यात्रा के दौरान 8 चीते रिसीव किए गए थे, जिन्हें कुनो लाया गया है। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु कूनो नेशनल पार्क में ही रात्रि विश्राम करेंगी और भारत में चीतों के पुनर्स्थापन की इस महत्वपूर्ण परियोजना के संबंध में वन विभाग के अधिकारियों से चर्चा भी करेंगी।

 

सीएम-राष्ट्रपति ने एक-दूसरे को दिए प्रतीक चिन्ह

श्योपुर से पहले सीएम डॉ. मोहन यादव ने राष्‍ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से जबलपुर सर्किट हाउस में सौजन्य भेंट की। इस गरिमामयी मुलाकात के दौरान दोनों के बीच आत्मीय संवाद हुआ और संस्कृति व श्रद्धा के प्रतीक स्वरूप स्मृति चिन्हों का आदान-प्रदान किया गया। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश आगमन पर स्वागत करते हुए जीवनदायिनी मां नर्मदा की बेहद सुंदर प्रतिमा भेंट की। वहीं, राष्‍ट्रपति श्रीमती मुर्मु ने भी अपनी ओर से मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव को पुरी स्थित सुप्रसिद्ध भगवान जगन्‍नाथ, भाई बलराम तथा बहन सुभद्रा की अलौकिक तस्‍वीर सप्रेम भेंट की। ओडिशा की ऐतिहासिक धरोहर कोणार्क सूर्य मंदिर के विश्व प्रसिद्ध चक्र की भव्य प्रतिकृति भी उपहार स्वरूप प्रदान की।

Mukesh Mehta
Mukesh Mehta

सीहोर और आसपास के क्षेत्रों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने वाला डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है। हमारा उद्देश्य स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, सामाजिक गतिविधियों और क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं को निष्पक्ष, जिम्मेदार और सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।

हम राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, खेल, धर्म, सामाजिक गतिविधियों और स्थानीय घटनाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों की खबरें प्रकाशित करते हैं।

हमारा प्रयास है—आप तक सही खबर, सही समय पर पहुंचाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *