नागरिकों और राहगीरों ने छात्रों की कलाकृति की भूरी-भूरी सराहना की
रंगोली के माध्यम से छात्राओं द्वारा गौरव दिवस के उत्साह का प्रदर्शन
खेल परिसर में 200 से सुन्दर और आकर्षक रंगोली बनाई गई
दूसरे दिन पूरे उत्साह के साथ जनप्रतिनिधियों और विद्यार्थियों ने मिलकर चार किलोमीटर चलाई साइकिल
सीहोर। नगर का गौरव दिवस आगामी 29 नवंबर मंगलवार को मनाया जाएगा। इस अवसर पर सीहोर नगर में पाँच दिवसीय कार्यक्रमों के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में दूसरे दिन शासकीय आवासीय खेल परिसर में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। छात्र-छात्राओं द्वारा बनाई गई पेंटिंग का विधायक सुदेश राय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, जिला पंचायत सीईओ हर्ष सिंह, अपर कलेक्टर गुंचा सनोबर, नगर पालिका सीएमओ योगेन्द्र पटेल ने अवलोकन किया और छात्रों द्वारा बनाई गई पेंटिंग की सराहना की। शनिवार को गौरव दिवस के दूसरे दिन अनेकों कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसमें रंगोली प्रतियोगिता, वाल पेंटिंग, परिचर्चा और साइकिल रैली आदि शामिल है। गौरव दिवस को लेकर नगर में उत्साह का वातावरण बना हुआ है। इस मौके पर विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल विद्यार्थियों को नगर पालिका के द्वारा स्वल्पाहार कराया गया।
शनिवार को आयोजित प्रतियोगिता में नगर के शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों के 400 से अधिक छात्र-छात्राओं ने खेल परिसर की दीवार पर अपनी चित्रकला का प्रदर्शन किया। छात्राओं द्वारा इतिहास, पर्यटन, पर्यावरण तथा महापुरूषों के सुन्दर चित्र बनाए गए। छात्रों द्वारा खेल परिसर की दीवार को अपनी चित्रकला से सुंदर और आकर्षक बना दिया। छात्र-छात्राओं की इस कलाकृति की वहां से निकलने वाले राहगीरों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की।
रंगोली के माध्यम से छात्राओं द्वारा गौरव दिवस के उत्साह का प्रदर्शन-गौरव दिवस कार्यक्रम के दूसरे दिन छात्राओं द्वारा शासकीय आवासीय खेल परिसर में रंगोली के माध्यम से गौरव दिवस के उत्साह का प्रदर्शन किया गया। खेल परिसर में छात्राओं द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की छबि, अमर वीर जवानों तथा सुभाष चन्द्र बोस छबि को एवं सीहोर जिले की संरचना को रंगोली के रंगो से बनाया गया। इसके साथ ही उन्होंने बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओं, सिंगल यूज प्लास्टिक को उपयोग नही करने, सेव वॉटर सेव अर्थ का संदेश दिया। इस अवसर पर एसडीएम श्री अमन मिश्रा सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
नगर के गौरव दिवस के उपलक्ष्य में विशाल साईकिल रैली
इधर नगर के गौरव दिवस के अवसर पर जिले में पांच दिवसीय गौरव दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। इसी क्रम में दूसरे दिन सीहोर नगर में विशाल साईकिल रैली निकाली गई। यह साईकिल रैली शासकीय आवासीय खेल परिसर से प्रारंभ की गई। साईकिल रैली को विधायक सुदेश राय एवं नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। यह रैली शासकीय आवासीय खेल परिसर से प्रारंभ होकर शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए टाउन हॉल पर समाप्त की गई। रैली में छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों द्वारा वंदे मातरम एवं भारत माता की जय के नारे लगाए गए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ हर्ष सिंह, अपर कलेक्टर गुंचा सनोबर, एसडीएम अमन मिश्रा सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
कार्यक्रम के तीसरे दिन 27 नवंबर को सुबह 8 बजे जिला चिकित्सालय में रक्तदान एवं नेत्रदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में 1000 यूनिट रक्त संग्रहण का लक्ष्य रखा गया है। इसके पश्चात सुबह 10 बजे से एनआरएलएम की महिलाओं तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा प्राचीन चिंतामन गणेश मंदिर एवं नगर के प्रमुख स्थानों पर रंगोली बनाई जाएगी। दोपहर 12 बजे टाउन हॉल में विभिन्न विभागों के नवाचार की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। शाम 6 बजे टाउन हॉल में स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी। कार्यक्रम के चौथे दिन 28 नवंबर को सुबह 7 बजे आवासीय खेल परिसर में सामूहिक योग एवं सूर्य नमस्कार किया जाएगा। इसके पश्चात सुबह 8 बजे रन फॉर सीहोर गौरव दिवस मैराथन आयोजित की जाएगी। शाम 6 बजे जनजाति कलाकारों द्वारा नाट्य प्रस्तुति होगी। इसके पश्चात सामूहिक दीपदान दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम रखा गया है। रात 8 बजे कोतवाली चौराहे पर भव्य अतिशबाजी की जाएगी।

Mukesh Mehta
Mukesh Mehta

सीहोर और आसपास के क्षेत्रों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने वाला डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है। हमारा उद्देश्य स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, सामाजिक गतिविधियों और क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं को निष्पक्ष, जिम्मेदार और सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।

हम राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, खेल, धर्म, सामाजिक गतिविधियों और स्थानीय घटनाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों की खबरें प्रकाशित करते हैं।

हमारा प्रयास है—आप तक सही खबर, सही समय पर पहुंचाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *