प्रेम-सुंदर फाउंडेशन ने 30 मेधावी विद्यार्थियों को बांटे लैपटॉप, हिंदी माध्यम के विद्यार्थियों के लिए 30 हजार रुपए की छात्रवृत्ति योजना का शुभारंभ

मुकेश मेहता

शाहगंज/बुधनी। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को शाहगंज में जिला स्तरीय भ्रमण कार्यक्रम एवं जनसमस्या समाधान शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद शिवराज सिंह चौहान ने नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

 

कार्यक्रम से पहले कृषक भवन में प्रेम-सुंदर फाउंडेशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 10वीं एवं 12वीं कक्षा के हिंदी इंग्लिश माध्यम के 30 मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप वितरित किए। यह संस्था श्री चौहान के माता-पिता की स्मृति में संचालित की जा रही है।

 

इस अवसर पर हिंदी माध्यम के विद्यार्थियों के लिए एक नई छात्रवृत्ति योजना का भी शुभारंभ किया गया। योजना के तहत 10वीं एवं 12वीं के बाद आगे की पढ़ाई करने वाले पात्र हिंदी माध्यम के विद्यार्थियों को 30 हजार रुपए की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया गया।

 

इसके बाद मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जनप्रतिनिधियों एवं जिला अधिकारियों की मौजूदगी में आम नागरिकों से सीधा संवाद किया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए थे।

 

चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में चलाया जा रहा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान शासन और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करने की महत्वपूर्ण पहल है। सरकार का उद्देश्य है कि पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

 

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए।

 

हितग्राहियों से किया वन-टू-वन संवाद

 

केंद्रीय मंत्री ने शिविर में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से वन-टू-वन चर्चा कर जानकारी ली कि उन्हें योजनाओं का लाभ किस प्रकार मिला और लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हुई एवं अधिकारियो की क्लास भी लगाई ।

 

श्रीमती शारदा अहिरवार ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत पहले 10 हजार रुपए का ऋण लिया था और अब 25 हजार रुपए का ऋण लेकर अपना व्यवसाय स्थापित किया है। चंद्रप्रकाश ने बताया कि उद्यम क्रांति योजना के तहत उनका ऋण स्वीकृत हो गया है।

 

वहीं जितेंद्र एवं भागीरथ ने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है। आवास की सभी किश्तें प्राप्त होने के बाद उनका पक्का मकान भी बनकर तैयार हो गया है। हितग्राहियों से चर्चा के बाद चौहान ने उन्हें योजनाओं का लाभ मिलने पर शुभकामनाएं दीं।

 

शिविर में 68 आवेदन प्राप्त

 

शाहगंज में आयोजित जन-विश्वास शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविर में कुल 68 आवेदन प्राप्त हुए। केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम से संबंधित लंबित प्रकरणों के निराकरण पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

Mukesh Mehta
Mukesh Mehta

सीहोर और आसपास के क्षेत्रों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने वाला डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है। हमारा उद्देश्य स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, सामाजिक गतिविधियों और क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं को निष्पक्ष, जिम्मेदार और सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।

हम राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, खेल, धर्म, सामाजिक गतिविधियों और स्थानीय घटनाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों की खबरें प्रकाशित करते हैं।

हमारा प्रयास है—आप तक सही खबर, सही समय पर पहुंचाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *