USDT के जरिए साइबर ठगी की रकम चीनी नागरिक तक पहुंचाने वाले गिरोह का खुलासा

 

ATM से ठगी की रकम निकालकर 5 प्रतिशत कमीशन पर सौंपते थे आरोपी, क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर टेलीग्राम के जरिए भेजी जाती थी रकम

 

मुकेश मेहता

सीहोर। थाना कोतवाली पुलिस ने साइबर फ्रॉड के एक गंभीर मामले का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि साइबर ठगी से प्राप्त रकम को पहले एटीएम से निकाला जाता था। इसके बाद रकम को USDT (क्रिप्टोकरेंसी) में बदलकर टेलीग्राम ग्रुप के माध्यम से एक चीनी नागरिक तक पहुंचाया जाता था। मामले में एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

 

पुलिस के अनुसार फरियादिया कंचन तोमर पति अजय सिंह तोमर की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 238/26, धारा 318(4) बीएनएस के तहत साइबर फ्रॉड का प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

 

मनी ट्रेल से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

 

विवेचना के दौरान शिकायत को NCRP पोर्टल पर दर्ज कर प्राप्त मनी ट्रेल का तकनीकी विश्लेषण किया गया। जांच में पता चला कि फरियादिया के खाते से ठगी गई राशि 9 एवं 10 अप्रैल 2026 को अलग-अलग एटीएम से निकाली गई थी। तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने इंदौर निवासी गोपाल सेन एवं सुमित कोष्ठी को गिरफ्तार किया।

 

पुलिस रिमांड में पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने बताया कि एटीएम से निकाली गई पूरी रकम वे इंदौर निवासी आर्यन अम्बेडकर को सौंपते थे। इसके बदले उन्हें पांच प्रतिशत कमीशन मिलता था।

 

रकम को USDT में बदलकर भेजते थे

 

आरोपियों से मिली जानकारी और साइबर सेल के तकनीकी सहयोग से पुलिस ने आर्यन अम्बेडकर एवं उसके साथी ऋतेश प्रजापत को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आर्यन ने पुलिस को बताया कि वह साइबर फ्रॉड से प्राप्त रकम से USDT खरीदता था और टेलीग्राम ग्रुप के माध्यम से इसे “मैटी” नामक चीनी नागरिक को भेजता था। इस काम के बदले उसे 10 प्रतिशत कमीशन मिलता था।

 

जांच के दौरान पुलिस ने अनुराग पटेल को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार अनुराग ने भी साइबर फ्रॉड की रकम से USDT खरीदकर टेलीग्राम के माध्यम से चीनी नागरिक मैटी तक पहुंचाने की बात स्वीकार की। उसने इस काम में शिवेंद्र सिंह राजपूत के शामिल होने की जानकारी दी।

 

पांच गिरफ्तार, एक आरोपी की तलाश जारी

 

पुलिस ने अब तक मामले में गोपाल सेन, सुमित कोष्ठी, आर्यन अम्बेडकर, ऋतेश प्रजापत और अनुराग पटेल सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं फरार आरोपी शिवेंद्र सिंह राजपूत की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

 

पुलिस अब साइबर फ्रॉड के पूरे नेटवर्क, रकम के लेन-देन और विदेशी कनेक्शन की भी तकनीकी एवं वैधानिक स्तर पर जांच कर रही है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

 

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

 

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र यादव, उप निरीक्षक विक्रम आदर्श, उप निरीक्षक विवेक आर्य, आरक्षक कपिल मेवाड़ा, आरक्षक विवेक प्रताप सिंह, आरक्षक हमीर सिंह एवं आरक्षक सूरज राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Mukesh Mehta
Mukesh Mehta

सीहोर और आसपास के क्षेत्रों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने वाला डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है। हमारा उद्देश्य स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, सामाजिक गतिविधियों और क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं को निष्पक्ष, जिम्मेदार और सरल भाषा में प्रस्तुत करना है।

हम राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, खेल, धर्म, सामाजिक गतिविधियों और स्थानीय घटनाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों की खबरें प्रकाशित करते हैं।

हमारा प्रयास है—आप तक सही खबर, सही समय पर पहुंचाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *